समर्थन मूल्य पर पारदर्शी धान खरीदी से बढ़ा किसानों का भरोसा

ऑनलाइन टोकन प्रणाली से धान खरीदी हुई सुगम
पारदर्शी प्रक्रिया से किसानों को मिल रहा मेहनत का सही मूल्य
अच्छी उपज और सुगम खरीदी से सतीश हुए लाभान्वित
बलरामपुर, 03 दिसम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी का शुभारंभ हो चुका है, राज्य सरकार द्वारा किसानों की समृद्धि को नई दिशा देने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था पारदर्शी एवं सरल है।
महराजगंज उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम खजुरी के किसान सतीश गुप्ता बताते हैं कि इस वर्ष धान बेचने की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सुगम है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने किसानों को होने वाली अनावश्यक प्रतीक्षा से मुक्त कर दिया है। सतीश बताते है कि पहले टोकन के साथ आज 200 बोरी धान का विक्रय करने पहुंचे है और आगामी दिनों में 275 बोरी धान बेचना बाकी है। वे बताते है कि पिछले वर्ष उन्होंने 400 बोरी धान बेचा था और इस वर्ष बेहतर प्रबंधन से 75 बोरी अधिक उपज हुई है जो पिछले वर्ष की मात्रा से अधिक है।
उनका कहना है कि पिछले वर्ष समय पर भुगतान मिलने से खेती के कार्यों में बड़ा लाभ हुआ था। धान बेचकर प्राप्त आय को वे कृषि, खाद बीज और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में उपयोग करते हैं। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष प्राप्त राशि से ट्रैक्टर भी खरीदा और इस वर्ष भी उन्हें शीघ्र भुगतान की उम्मीद है। वे बताते है कि किसान क्रेडिट कार्ड के तहत समय-समय पर लाभ भी लेते रहते है।
धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सतीश ने कहा कि केंद्र में व्यवस्थाएं अच्छी है। कर्मचारियों का भी सहयोग मिलता है और शासन के प्रयासों से हमारी मेहनत को सही मूल्य मिल रहा है। सतीश की तरह अन्य किसानों ने भी खरीदी व्यवस्था की प्रशंसा की। उनका मानना है कि इस वर्ष शासन-प्रशासन के द्वारा धान खरीदी सहज है। बेहतर व्यवस्थापन, त्वरित तौल मापन, ऑनलाइन पारदर्शिता और अधिकारियों की सतत निगरानी से किसानों का भरोसा बढ़ा है।




