छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज दर्ज होगा अंतरिक्ष विज्ञान का नया अध्याय

गगनयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला रायपुर प्रवास पर, CM साय करेंगे प्रदेश के पहले अत्याधुनिक स्पेस सेंटर का लोकार्पण
रायपुर । छत्तीसगढ़ आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर कदम बढ़ाने जा रहा है। गगनयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवा रायपुर में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र का लोकार्पण करेंगे।
‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ से छात्रों को मिलेगा स्पेस टेक्नोलॉजी का सीधा अनुभव
जिला प्रशासन रायपुर, IDYM फाउंडेशन और सारडा एनर्जी के संयुक्त तत्वावधान में तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना का नाम “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के छात्रों को किताबों से आगे ले जाकर अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक दुनिया से जोड़ना है।
ISRO मानकों पर तैयार, सैटेलाइट से लेकर मिशन कंट्रोल तक की सुविधा
नवा रायपुर के राखी क्षेत्र में तैयार यह अंतरिक्ष केंद्र ISRO मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। केंद्र में—
अत्याधुनिक क्लीन रूम
सैटेलाइट लैब
ग्राउंड स्टेशन
और मिशन कंट्रोल सेंटर
जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जहां छात्र सैटेलाइट निर्माण, परीक्षण और संचालन का प्रैक्टिकल अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
शुभांशु शुक्ला होंगे ब्रांड एंबेसडर, छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
गगनयान मिशन से जुड़े ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को इस प्रोजेक्ट का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। वे विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे और अंतरिक्ष विज्ञान में करियर के अवसरों पर मार्गदर्शन देंगे। यह छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक और दुर्लभ अवसर माना जा रहा है।
शिक्षा मंत्री सहित कई मंत्री रहेंगे मौजूद
आज सुबह 10:30 बजे आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और मंत्री गुरु खुशवंत साहब भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ के लिए क्यों है यह दिन खास
यह अंतरिक्ष केंद्र न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि मध्य भारत में अंतरिक्ष विज्ञान शिक्षा की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल आने वाले वर्षों में प्रदेश से वैज्ञानिक, अंतरिक्ष इंजीनियर और इनोवेटर तैयार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।




