
मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के तहत कांग्रेस का शांतिपूर्ण चक्काजाम
खरसिया । छत्तीसगढ़ में मनरेगा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने खरसिया में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को रायगढ़ चौक, खरसिया में कांग्रेस द्वारा “मनरेगा बचाओ कार्यक्रम” आयोजित कर शांतिपूर्ण धरना एवं सांकेतिक चक्काजाम किया गया। कार्यक्रम दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ।
ब्लॉक कांग्रेस शहर-ग्रामीण की संयुक्त अगुवाई, उमड़ा जनसमर्थन
यह आंदोलन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रभारी संयोजक उमेश पटेल के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

नेताओं का आरोप—मनरेगा मजदूरों के हक पर कुठाराघात
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में मनरेगा योजना को कमजोर किया जा रहा है। मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों और श्रमिकों की आजीविका की रीढ़ है और इसके साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं ने संभाला मोर्चा
कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभय मोहंती, भोग सिंह राठिया, रामदयाल राठिया, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज गबेल, शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा, कांग्रेस नेत्री नैना गबेल, साधराम साहू, रामकिशन आदित्य, नीरज पटेल, जमील कुरैशी, तारेन डनसेना, वसंत डनसेना, राहुल महंत और राजेश्वर राठौर ने संबोधित किया। संचालन गोपाल शर्मा ने किया।
पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट, यातायात नहीं हुआ प्रभावित
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीओपी प्रभात पटेल और चौकी प्रभारी अमित तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मुस्तैदी से यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही और कानून-व्यवस्था पर पूरी तरह नियंत्रण रहा।
गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शांतिपूर्ण समापन
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन का समापन किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेक्टर प्रभारी, पूर्व पार्षद सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
आंदोलन को बताया लोकतांत्रिक, आगे भी संघर्ष की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मनरेगा से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





