बस्तर पुलिस का बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश

जगदलपुर : शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को देखते हुए बस्तर पुलिस ने भिलाई, पंजाब और हरियाणा के चार सदस्यों वाले अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के सदस्य चोरी के दौरान वॉकीटॉकी के जरिए आपस में संपर्क बनाए रखते थे।
एक ही रात में दो बड़ी चोरी की वारदातें
29 जनवरी की रात सनसिटी कॉलोनी में यश मेठानी के सूने मकान में सेंधमारी कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और 1.5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। उसी रात वृंदावन कॉलोनी से भी चांदी की गणेश व दुर्गा मूर्तियां और 20 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। लगातार दो वारदातों से पुलिस सतर्क हो गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला गिरोह का राज
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। प्रार्थियों और गवाहों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और वारदात के तरीके के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनकी संलिप्तता उजागर हुई।
चोरी की रणनीति और वारदात का तरीका
आरोपियों की पहचान अभिषेक खंडारा (पंजाब), नरेंद्र सिंह (भिलाई), विक्की कुमार वर्मा (भिलाई) और विशाल वाल्मीकि (हरियाणा) के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि गिरोह बोलेरो वाहन से शहर में आता, सूने मकानों की रेकी करता और दो आरोपी बाहर निगरानी रखते, जबकि दो अंदर जाकर ताले तोड़ते थे। अंदर और बाहर मौजूद आरोपी वॉकीटॉकी के जरिए संपर्क में रहते थे।
पुलिस ने चोरी के बाद पकड़े आरोपी
सनसिटी और वृंदावन कॉलोनी की चोरी के बाद आरोपी विशाखापट्टनम की ओर फरार हो गए थे। 31 जनवरी को वे जगदलपुर लौटे, जहां आड़ावाल–मंगडू कचोरा क्षेत्र में रेकी करते समय पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
चोरी का माल, औजार और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, चोरी में प्रयुक्त औजार, वॉकीटॉकी और बोलेरो वाहन जब्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि विक्की वर्मा और विशाल वाल्मीकि पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका और भविष्य की तैयारी
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन, डीएसपी साइबर गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में निरीक्षक, उप निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर में सक्रिय चोरी गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




