NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा, बुजुर्ग की मौत से इलाके में शोक की लहर

सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम चट्टीगिरोला स्थित राजेश ढाबा के सामने NH-53 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय पोता घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मेला से लौटते वक्त हुआ हादसा, खिलौना बेचकर जा रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार टीकाराम राणा (60 वर्ष) निवासी ग्राम जलगढ़ (बलौदा) अपने नाती लक्ष्मीकांत राणा के साथ 30 जनवरी 2026 को सिंघनपुर मेला मिट्टी के खिलौने बेचने गए थे। दिनभर काम करने के बाद दोनों रात करीब 01:10 बजे घर लौट रहे थे।
सड़क किनारे बिना संकेतक खड़ी ट्रेलर बनी हादसे की वजह
घर लौटते समय ग्राम चट्टीगिरोला स्थित राजेश ढाबा के सामने सड़क किनारे बिना किसी संकेतक के खड़ी ट्रेलर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर NH-53 के पास रोड किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़ी थी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर मौत, पोता गंभीर रूप से घायल
हादसे में टीकाराम राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय नाती लक्ष्मीकांत राणा घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
ट्रेलर चालक के खिलाफ दर्ज हुआ मामला, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मर्ग जांच के बाद ट्रेलर क्रमांक CG07 CA 3644 के चालक के खिलाफ धारा 285, 106(1) BNS तथा 122/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बिना संकेतक सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर कार्रवाई होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।




