बिसरा अंचल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों की डील का भंडाफोड़, कुख्यात गऊ माफिया गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार

सुंदरगढ़ / बिसरा — बिसरा अंचल में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार, वाहन और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

दिनभर चली छापामारी, शाम को पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिसरा थाना क्षेत्र के गुडगुडजोर इलाके में पूरे दिन छापामारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई बिसरा तहसीलदार परमानंद उरांव, डीवाईएसपी जोन-टू जतिंद्रनाथ सेठी, बिसरा थाना प्रभारी मनोरंजन कुम्भार एवं बंडामुंडा थाना प्रभारी रंजन कुमार नायक की मौजूदगी में की गई।

संध्या समय बिसरा थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीवाईएसपी जतिंद्रनाथ सेठी ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, हथियारों की डील की थी तैयारी
डीवाईएसपी ने बताया कि पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गुडगुडजोर निवासी मोजम्मिल अंसारी अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है और वह अपने साथियों के साथ हथियारों की डील करने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, जहां से उसे गिरफ्तार कर एक देसी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आए अन्य नाम, कई ठिकानों पर छापे
गहन पूछताछ में मोजम्मिल अंसारी ने खुलासा किया कि उसके साथी समीर अंसारी, हसन अंसारी (दोनों गुडगुडजोर निवासी) और मोहम्मद गुलाब (अमना कॉलोनी, बिसरा) भी अवैध हथियार रखे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने समीर अंसारी के घर से एक एयर गन, जबकि अमना कॉलोनी स्थित मोहम्मद गुलाब के घर से नकली पिस्टल, बिलहुक और तलवारनुमा छड़ी जब्त की।

संगठित आपराधिक गिरोह, झारखंड सीमा तक फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी संगठित आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। इन पर अवैध पशु परिवहन, पशु तस्करी, भूमि दलाली और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं। मोजम्मिल और समीर को बिसरा व झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय कुख्यात गऊ माफिया बताया गया है, जिनके कारण इलाके में लंबे समय से भय का माहौल बना हुआ था।

मामला दर्ज, गंभीर धाराओं में केस
इस पूरे मामले में बिसरा थाना कांड संख्या 33/2026 (दिनांक 01.02.2026) दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ
धारा 111(3)/3(5) BNS,
धारा 25(8) आर्म्स एक्ट,
धारा 11(1)(d) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम,
धारा 7(1) उड़ीसा गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मोजम्मिल अंसारी (33), पिता–स्व. इसराइल अंसारी
2. समीर अंसारी (34), पिता–स्व. फरमान अंसारी
3. हसन अंसारी (50), पिता–कुर्बान अंसारी
(तीनों निवासी–गुडगुडजोर, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़)
4. एस.डी. गुलाब (48), पिता–स्व. मोहम्मद निज़ामुद्दीन, निवासी–अमना कॉलोनी, बिसरा
ज़ब्त सामग्री का विवरण
देसी रिवॉल्वर (लकड़ी के हैंडल सहित)
फेमन एयर पिस्टल BOSS
7.65 एमएम के चार जिंदा कारतूस
देसी पिस्टल (खाली मैगजीन सहित)
डुप्लीकेट पिस्टल, बिलहुक और तलवारनुमा छड़ी
काली स्कॉर्पियो वाहन (OR-23D-9636)
बुलेट मोटरसाइकिल (OD-14A-H2251)
यामाहा मोटरसाइकिल (OD-14Y-0053)
ऑटो रिक्शा (OD-09S-0205)
तीन मोबाइल फोन
पहले से दर्ज हैं कई गंभीर आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में हत्या प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और गो-तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
रेडिंग टीम
इस कार्रवाई में एसआई के.सी. बेहरा, पीएसआई ए. जेना, एएसआई पी.के. राउत, एएसआई आर.के. नायक सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।




