Uncategorized

पीएम किसान सम्मान निधि योजना से अधिक से अधिक पात्र हितग्राही को करें लाभान्वित

Advertisement

ऑनलाइन उपस्थिति एवं शत-प्रतिशत ई-ऑफिस क्रियान्वयन के दिए निर्देश

छुट्टे सभी पात्र लोगों का बनाएं आयुष्मान कार्ड – कलेक्टर

बलरामपुर, 03 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने ऑनलाईन अटेंडेंस, ई-ऑफिस, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, धान उठाव, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं समय-सीमा के प्रकरण की समीक्षा कर प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने आकांक्षी विकासखंड अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से अभियान के तहत संचालित विभिन्न सूचकांकों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि गत वर्ष संपूर्णता अभियान में क्रियान्वयन की भांति इस वर्ष भी सभी सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करें उन्होंने अभियान की निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रगति लाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा एग्री-स्टेक में पंजीयन की जानकारी लेते हुए विशेष शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान करने की बात कही।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कटारा ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंडवार टीकाकरण की जानकारी लेते हुए प्रगति लाने को कहा। उन्होंने क्षय रोग मरीजों के उपचार की जानकारी लेते हुए फॉलोअप करने के निर्देश भी दिए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य जांच कवरेज की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री कटारा ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातीय पहाड़ी कोरवा क्षेत्रों में सतत रूप से स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने तथा आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड की भी समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एनआरसी सेंटर के संचालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पंजीयन कर पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की भर्ती की जानकारी ली तथा रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति कर सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित पुराने आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित समय-सीमा प्रकरण, अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों को निर्धारित समयावधि के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित हों तथा यह भी सुनिश्चित करें कि अधीनस्थ कर्मचारी भी निर्धारित समय पर उपस्थित हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फील्ड में जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करायें। कलेक्टर श्री कटारा ने सभी को समय का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए साथ ही बिना पूर्व सूचना अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही फाइलों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री चेतन बोरघरिया, श्री अभिषेक गुप्ता, श्री आर.एन. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button