खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 15 नवंबर से की जाएगी धान खरीदी

कलेक्टर ने धान खरीदी से संबंधित अधिकारियों की ली बैठक
पारदर्शिता पूर्वक धान खरीदी करने दिए निर्देश
बलरामपुर, 30 अक्टूबर 2025/ कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में धान खरीदी के संबंध में बैठक लेकर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी शुरू होगी, जो 31 जनवरी 2025 तक की जाएगी। उन्होंने धान खरीदी से जुड़े हर पहलू की विस्तृत समीक्षा कर शासन की मंशानुरूप चाक-चौबंद व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी अवधि, शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता, समर्थन मूल्य, बायोमेट्रिक धान खरीदी, टोकन की जानकारी सहित समस्त जानकारी साथ ही धान खरीदी केंद्रों में स्थल की सफाई, कांटा बाट अथवा इलेक्ट्रॉनिक कांटा का सत्यापन, कैप कवर, बारदाने की व्यवस्था, हमाल, स्टैकिंग, डनेज व्यवस्था, छाया, पेयजल जैसी समस्त व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में वास्तविक किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। धान बेचने से जुड़ी उनकी हर तरह की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाये। उन्होंने कहा कि धान खरीदी हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

धान खरीदी के पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें। बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने अवैध रूप से धान का परिवहन, सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्टों में विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में जिनकी डयूटी लगाई गई है, वे सभी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं। इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही ना हो, इसका कड़ाई से ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री चेतन बोरघरिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री विनय कुजूर. जिला विपणन अधिकारी सुश्री प्रीतिका केरकेट्टा, सहायक पंजीयक, नोडल सी.सी.बी, समिति प्रबंधक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।






