बिसरा में निजी जमीन पर सरकारी निर्माण से विवाद तेज, साह परिवार ने उठाए गंभीर सवाल

By
Advertisement

सुंदरगढ़ जिले के बिसरा प्रखंड में साह परिवार और स्थानीय प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया है। बिसरा टाउन के बाजार टांड़ स्थित पाँच डिसमिल जमीन पर बिना सूचना सरकारी निर्माण कार्य शुरू होने से अखिल कुमार साह और उनके परिवार में गहरा आक्रोश है।

बताया जाता है कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है, उसका खाता नंबर 136 और प्लॉट नंबर 168 है। भू-लेख के सरकारी रिकॉर्ड में भी यह भूमि गणेश चंद्र साह, पिता महावीर प्रसाद साह के नाम दर्ज है। परिवार का कहना है कि उन्होंने इस भूमि पर अब तक कोई निर्माण नहीं कराया है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने अचानक कार्य शुरू करवा दिया।

जानकारी के अनुसार बिसरा तहसीलदार के आदेश पर पंचायत समिति बिसरा द्वारा करीब 2 लाख 40 हजार रुपये की लागत से “सरकारी भूमि संरक्षण योजना” के तहत निर्माण कार्य किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस कार्य की कोई भी सूचना साह परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी गई। परिवार का कोई सदस्य मौके पर मौजूद भी नहीं था।

साह परिवार प्रश्न उठा रहा है कि—

  • निजी जमीन पर निर्माण शुरू करने से पहले प्रशासन ने उन्हें सूचना क्यों नहीं दी?
  • क्या सरकारी नियमों का पालन किए बिना यह कार्रवाई करना उचित है?
  • जब तहसील क्षेत्र में कई एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे हैं, तो उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती?
  • घनी आबादी के बीच स्थित उनकी छोटी सी भूमि को ही संरक्षित करने की आवश्यकता क्यों समझी गई?

मामले पर सफाई लेने के लिए पत्रकारों ने स्थानीय तहसीलदार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे कार्यालय में मौजूद नहीं थे। प्रखंड विकास अधिकारी से भी संपर्क साधने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसलिए प्रशासनिक पक्ष समाचार में शामिल नहीं किया जा सका।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *