राउरकेला में हाइवा का कहर: चार वाहन चकनाचूर, छह लोग घायल

राउरकेला। सिविल टाउनशिप स्थित हनुमान वाटिका के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार हाइवा (डम्फर) ने मुख्य सड़क पर मौत का तांडव मचा दिया। करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुई इस भीषण दुर्घटना में चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से एक युवती और एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा चालक बिना खलासी के लापरवाही से वाहन चला रहा था। बेकाबू वाहन ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर एक ऑटो रिक्शा और दो मोटरसाइकिलों को रौंदते हुए कई लोगों को चपेट में ले लिया। घायलों में महावीर फेरो कंपनी के कर्मचारी विवेक सिंह (नुआगांव ब्लॉक, ग्राम चिता पीड़ी) और बिश्मभर बारिक (स्वर्णपुर, संबलपुर) शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर पिटाई कर दी और हाइवा पर पथराव भी किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए रघुनाथपाली, उदितनगर और प्लांट साइट थाना की पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और चालक की जान बचाई।
घायलों को राउरकेला सरकारी अस्पताल, ओपोलो अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच शहर को गम और आक्रोश के माहौल में डाल दिया है।




