मनरेगा को लेकर कांग्रेस का जन चौपाल कार्यक्रम संपन्न आज सांकेतिक चक्का जाम व धरना

Advertisement

रायगढ़–खरसिया की पांच पंचायतों में लगा कांग्रेस का चौपाल,

रायगढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देशव्यापी आह्वान पर चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” जन चौपाल के अंतिम पड़ाव पर गुरुवार को रायगढ़ जिले में व्यापक जनआंदोलन देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत 30 जनवरी को सांकेतिक चक्का जाम एवं धरना-प्रदर्शन के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में जन चौपाल का आयोजन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पुसौर के अंतर्गत सेमरा, रावनखोधरा, रुचिदा, तरड़ा एवं पड़िगांव पंचायतों में कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर, किसान, महिला समूह, ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से , जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष शाखा यादव पूर्व विधायक प्रकाश नायक, जिला महामंत्री दीपक मंडल, पुसौर प्रभारी किरण पंडा, ब्लॉक अध्यक्ष नरेश तिवारी, पूर्व पार्षद संजय चौहान, अज्ञात मल्होत्रा, सोनू पुरोहित सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संगठन के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। चौपाल को संबोधित करते हुए नगेंद्र नेगी

ने कहा कि“मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत के जीवन का आधार है। केंद्र सरकार इसे कमजोर कर करोड़ों परिवारों से रोजगार छीनना चाहती है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।” उन्होंने कहा कि मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल रहा, मजदूरी भुगतान में महीनों की देरी हो रही है और बजट में लगातार कटौती कर मनरेगा को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि“केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम इसी संघर्ष का हिस्सा है। जब तक मजदूरों का हक सुरक्षित नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा कि आज का सांकेतिक चक्का जाम और धरना सिर्फ चेतावनी है, आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने चौपाल में रखी अपनी पीड़ा

जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मनरेगा से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए काम न मिलने, मजदूरी भुगतान में देरी, जॉब कार्ड निरस्त होने और पंचायतों के अधिकार छीने जाने जैसे गंभीर मुद्दे उठाए। पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने भरोसा दिलाया कि इन भी समस्याओं को संगठित रूप से सरकार के सामने उठाया जाएगा।

भारी जनसमर्थन के साथ कार्यक्रम रहा सफल
ब्लॉक कांग्रेस पुसौर के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम भारी जनसमर्थन के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे ग्रामीणों की आवाज़ को मजबूती देने वाला आंदोलन बताया। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि मनरेगा, काम का अधिकार और ग्रामीण सम्मान की लड़ाई अब और तेज होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *