राउरकेला से झारखंड सीमा तक बस सेवा ठप, कर्मचारियों का प्रींस बस मालिक पर गंभीर आरोप

सोरडा (राउरकेला) : राउरकेला शहर से झारखंड सीमा पर स्थित ग्राम लोआराम तक चलने वाली सभी निजी सवारी बसें सोमवार को अचानक ठप हो गईं। नाराज़ बस कर्मचारियों ने अपनी बसें सोरडा़ क्षेत्र में खड़ी कर दीं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस आंदोलन का सीधा असर नुआगांव के साप्ताहिक हाट पर भी पड़ा है, जहां व्यापारियों और खरीदारों की संख्या में कमी देखने को मिली।
हड़ताल पर उतरे बस कर्मचारियों का आरोप है कि प्रींस बस के मालिक सुल्तान और उनके कंडक्टर साहरूख ने एक बस चालक लालो के साथ मारपीट की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इस घटना से आक्रोशित होकर सभी बस कर्मचारी सोरडा़ पंचायत कार्यालय के समीप एकत्रित हुए और सरपंच से मिलकर अपनी आपबीती साझा की।
कर्मचारियों की मांगे स्पष्ट:
बस कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक प्रींस बस के मालिक सुल्तान और कंडक्टर साहरूख सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और साहरूख को बस सेवा से नहीं हटाया जाता, तब तक बसें नहीं चलेंगी। उन्होंने स्थानीय सरपंच से इस मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
अन्य गंभीर आरोप भी सामने आए:
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रींस बस बिना वैध परमिट के चल रही है और उसका कंडक्टर अन्य बस कर्मियों को लगातार धमकाता है, मारपीट करता है और सार्वजनिक रूप से अपमानित करता है। इसके अलावा, कई पूर्व कर्मचारियों ने वेतन न मिलने और मांगने पर धमकी देने व गाली-गलौच करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद को कैसे सुलझाता है और आम लोगों को होने वाली असुविधा को कितनी जल्दी दूर किया जाता है।





