साइकिल रैली के माध्यम से सूरजपुर पुलिस ने दिया फिटनेस का संदेश

सूरजपुर। फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़” के प्रेरक नारे के साथ सूरजपुर पुलिस ने साइकिल रैली निकालकर नागरिकों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। साइकिलिंग न केवल एक सरल और प्रभावी व्यायाम है, बल्कि यह सहनशक्ति बढ़ाने, तनाव कम करने और हृदय स्वास्थ्य सुधारने में भी सहायक है।

रविवार, 06 अप्रैल 2025 को डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन के अधिकारी व जवानों ने उत्साहपूर्वक साइकिल रैली में भाग लिया। यह रैली ग्राम पर्री होते हुए भैयाथान रोड, केतका रोड और मनेन्द्रगढ़ रोड तक निकाली गई, जिसमें “फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़” के नारे लगाकर लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस साइकिल रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष महतो, एसडीओपी सूरजपुर श्री अभिषेक पैंकरा, रक्षित निरीक्षक श्री अशोक गिरी, थाना प्रभारी सूरजपुर श्री विमलेश दुबे सहित पुलिस लाइन के अधिकारी व जवानों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि “फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव” और “साइक्लिंग संडे” जैसी पहलें नागरिकों को फिटनेस की ओर प्रेरित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिदिन थोड़े समय के लिए ही सही, अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों का उपयोग कम करें और कम से कम आधा घंटा साइकिल चलाएं। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी अनुकूल है।

उन्होंने यह भी कहा कि “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” जैसी योजनाओं के तहत इस प्रकार की पहलें न केवल पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करती हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण भी निर्मित करती हैं।




