छत्तीसगढ़
जंगली हाथी का आतंक जारी, आधी रात को घर में मचाया तांडव

बारीलेप्टा ग्राम पंचायत अंतर्गत जगता टोली में जंगली दतैल हाथी का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। इस बार हाथी ने ग्रामीण दिनेश ओराम के घर को निशाना बनाया। आधी रात अचानक पहुंचे हाथी ने घर के सामने लगे पूस के छप्पर को उजाड़ दिया और घर की दो खिड़कियां तोड़ दीं। इसके बाद वह धान से भरी बोरी को खींचने लगा।
हाथी की तेज आवाज और तोड़फोड़ से घर में सो रहा पूरा परिवार दहशत में आ गया। जान बचाने के लिए परिवार के सभी सदस्य सुबह तक एक ही पलंग के नीचे छिपे रहे। ग्रामीणों के अनुसार काफी मशक्कत और शोर-शराबे के बाद ही हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा जा सका।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की लगातार हो रही आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।




