देश विदेश

14 फरवरी को ‘शहीद दिवस’ घोषित करने की मांग तेज, कांस्टीट्यूशन क्लब में पुलवामा शहीद परिवारों को भावपूर्ण सम्मान

Advertisement

नई दिल्ली में एलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन का श्रद्धांजलि समारोह, देशभर से पहुंचे पूर्व अर्धसैनिक और वीरांगनाएं

नई दिल्ली। 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे की बजाय ‘शहीद दिवस’ घोषित करने की मांग को लेकर एलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन ने कांस्टीट्यूशन क्लब में पुलवामा शहीद परिवारों के सम्मान में एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 200 पूर्व अर्धसैनिक बलों के सदस्यों और वीरांगनाओं ने भाग लेकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


स्पेशल डीजी (ऑपरेशन) वितुल कुमार ने शहीदों को अर्पित किए पुष्प, वीरांगनाओं को ओढ़ाई शाल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वितुल कुमार, स्पेशल डीजी (ऑपरेशन), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने पुलवामा सहित विभिन्न अभियानों में शहीद हुए जवानों को पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने शहीद वीरांगनाओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके दुख-दर्द में सहभागी होते हुए आश्वस्त किया कि पूरा सीआरपीएफ परिवार सदैव उनके साथ खड़ा है।


देश के कोने-कोने से पहुंचे पूर्व अर्धसैनिक, 14 राज्यों से अधिक की सहभागिता

महासचिव रणबीर सिंह द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य के अनुसार इस सम्मान समारोह में गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पुंछ, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से वीर वीरांगनाओं एवं पूर्व अर्धसैनिकों ने सहभागिता की।

एलायंस अध्यक्ष एवं पूर्व एडीजी एच.आर. सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, वहीं पश्चिम बंगाल अध्यक्ष एवं पूर्व डीआईजी ए.के. नाथ ने मंचासीन अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया।


10 वर्षों के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख, जीएसटी छूट व पदोन्नति जैसे मुद्दों पर मिली सफलता

महासचिव रणबीर सिंह ने अपने संबोधन में संगठन के पिछले 10 वर्षों के संघर्ष और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीपीसी कैंटीन पर 50% जीएसटी छूट, सीएलएमएस का एकीकरण तथा फॉलोवर्स रैंक को हवलदार पद पर पदोन्नति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संगठन को सफलता प्राप्त हुई है।

साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से पुनः मांग दोहराई कि 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के बजाय ‘शहीद दिवस’ घोषित किया जाए, ताकि देश पुलवामा सहित सभी शहीदों के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर स्मरण कर सके।


पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों का संबोधन, दिल्ली की बटालियनों के कमांडेंट भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम को पूर्व आईजी बीएसएफ विकास चंद्रा, पूर्व आईजी आईटीबीपी आनंद निम्बाडिया, पूर्व आईजी एसएसबी सुधीर कुमार (हिमाचल प्रदेश) एवं पूर्व डीआईजी ए.के. नाथ ने संबोधित किया।

इस अवसर पर दिल्ली स्थित विभिन्न बटालियनों के पांच कमांडेंट और एक उपमहानिरीक्षक की उपस्थिति कार्यक्रम की विशेषता रही।

अंत में एलायंस अध्यक्ष पूर्व एडीजी एच.आर. सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के अधिकारों के लिए संगठन का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

— रणबीर सिंह, महासचिव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button