व्यापारी संवाद सम्मेलन में सरगुजा पुलिस का सम्मान, 20 लाख की लूट का चंद घंटों में खुलासा कर पेश की मिसाल

अंबिकापुर में आयोजित भव्य समारोह में मंत्री ने सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्यशैली की सराहना, टीम को शाल पहनाकर किया सम्मानित
अंबिकापुर। गत दिवस होटल पर्पल ऑर्किड में आयोजित व्यापारी संवाद सम्मेलन के दौरान सरगुजा पुलिस की उत्कृष्ट एवं त्वरित कार्यप्रणाली के लिए विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम को शाल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी कार्यकुशलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई, लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में पर्दाफाश
विदित हो कि दिनांक 28 दिसंबर 2025 को शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी अनिल अग्रवाल अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। सत्तीपारा कैलाश मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने अचानक डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सक्रियता दिखाते हुए महज चंद घंटों में दो आरोपियों — दीपक दास एवं रोहित दास — को हिरासत में ले लिया।
20 लाख रुपये नगद एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस टीम की सघन पूछताछ एवं तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं 20 लाख रुपये नगद लूट की पूरी राशि बरामद की गई। सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जिले भर में सराहना हुई और आमजन में सुरक्षा के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारी वर्ग ने पुलिस टीम की सराहना कर किया सम्मान
व्यापारी संवाद सम्मेलन के दौरान मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के साथ लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी, पीड़ित व्यापारी अनिल अग्रवाल एवं व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों ने पुलिस टीम की सराहना की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, छत्रपाल सिंह, जयदीप सिंह तथा आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, नितिन सिन्हा, विवेक राय एवं अमित विश्वकर्मा को शाल पहनाकर सम्मानित किया गया।
अपराध के विरुद्ध सख्त रुख, आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है सरगुजा पुलिस
सरगुजा पुलिस लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई कर रही है। त्वरित जांच, तकनीकी दक्षता और मजबूत नेतृत्व के कारण पुलिस ने यह साबित किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।
व्यापारी संवाद सम्मेलन में मिला यह सम्मान न केवल पुलिस टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि जिले में कानून के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करने वाला भी साबित हुआ।




