बाबा गुरु घासीदास राज्य स्तरीय काव्य लेखन प्रतियोगिता सम्मान समारोह एवं विराट कवि सम्मेलन गरिमामय रूप से सम्पन्न

रायपुर | काव्य कलश कला एवं साहित्य मंच, खरसिया (जिला–रायगढ़, छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में आयोजित “बाबा गुरु घासीदास राज्य स्तरीय काव्य लेखन प्रतियोगिता” का सम्मान समारोह एवं विराट कवि सम्मेलन 07 फरवरी 2026, शनिवार को वृंदावन हॉल, सिविल लाइन, रायपुर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह प्रतियोगिता गुरुघासीदास बाबाजी के विचारों एवं संदेशों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से वर्ष 2018 से निरंतर आयोजित की जा रही है और अब प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मान. डॉ. अभिलाषा बेहार (सचिव, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग) रहीं। अध्यक्षता श्री राकेश नारायण बंजारे (उपाध्यक्ष, काव्य कलश मंच, खरसिया) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार श्री मंगत रविन्द्र (कोरबा), वरिष्ठ साहित्यकार श्री मनमोहन सिंह ठाकुर (खरसिया), श्री रामेश्वर शर्मा (रायपुर), समीक्षक एवं छंदकार श्री अजय अमृतांशु (भाटापारा) तथा वरिष्ठ साहित्यकार श्री मनीराम साहू ‘मितान’ (सिमगा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्री एस.आर. बॉंधे (प्रदेश अध्यक्ष, साहित्य प्रकोष्ठ, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज), छत्तीसगढ़ के ख्यातिलब्ध गीतकार श्री रमेश विश्वहार एवं श्री उदयभान सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु घासीदास बाबा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने अपने उद्बोधनों में गुरू घासीदास बाबाजी के मानवतावादी संदेश प्रसार के साथ-साथ साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए युवा पीढ़ी से लेखन के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. अभिलाषा बेहार ने कहा कि गुरु बाबा के सत्य, अहिंसा एवं मानवता के संदेश के प्रसार में साहित्यकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में साहित्य की सामाजिक भूमिका तथा गुरु घासीदास जी के विचारों की वर्तमान संदर्भ में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर प्रियंका गुप्ता ‘प्रिया’ (अध्यक्ष) द्वारा लिखित पुस्तक “छंद कुसुम” का विमोचन भी किया गया।
अतिथियों के करकमलों से राज्य स्तरीय काव्य लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं एवं चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित साहित्यकारों में श्री मोहन लाल वर्मा (अल्दा, रायपुर), डॉ. गोकुल बंजारे ‘चंदन’ (बेमेतरा), ओमप्रकाश पात्रे, चोपेश्वर साहू, मनोज पाटिल ‘मणि’, चेतन सिंह चौहान, राकेश गुप्ता, हरमन कुमार बघेल, कुश कुमार साहू एवं एच.एल. चंद्राकर प्रमुख रहे। साथ ही विभिन्न विभूतियों एवं पंथी पार्टियों को गुरु घासीदास सद्भावना सम्मान से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम में लखन लाल राठौर ‘कौशल’, तिलक तनौदी, रमेश रस्सियार, चंद्रकांत खुंटे, लक्ष्मी रजक, पत्रकार जयदास मानिकपुरी, अरविंद बंजारे, हेमलता गुप्ता, इंदु गुप्ता, रूनाली चक्रवर्ती, डॉ. भारती अग्रवाल, बलजीत कौर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से पधारे साहित्यकारों व गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विराट कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कवियों काव्य पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री वेदराम चौहान (मंच सलाहकार) एवं प्रियंका गुप्ता ‘प्रिया’ (अध्यक्ष) द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन श्री पुरुषोत्तम प्रसाद गुप्ता (संस्थापक) ने किया। कार्यक्रम में श्री पुष्पराज देवहरे ‘भारतवासी’ (रायपुर प्रभारी) का विशेष सहयोग रहा। काव्य कलश मंच ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






