छत्तीसगढ़

तमनार जल समूह का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश

Advertisement

जल जीवन मिशन के कार्य 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के सख्त निर्देश

रायगढ़, 13 फरवरी 2026। जिले में सुदूर वनांचल क्षेत्र में  संचालित जल जीवन मिशन के तहत तमनार जल समूह योजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड रायगढ़ की कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रतिभा नवरतन, सहायक अभियंता परिमल तिवारी एवं उप अभियंता विकास एक्का सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन संरचनाओं, पाइपलाइन विस्तार, जलाशय निर्माण एवं अन्य तकनीकी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों की समय-सीमा तथा तकनीकी मानकों के पालन की जानकारी ली।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान योजना के अंतर्गत शेष सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय उप अभियंता एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और 30 अप्रैल 2026 तक सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करना है, इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। पाइपलाइन बिछाने, जल टंकी निर्माण और घरेलू नल कनेक्शन जैसे कार्यों में तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि योजना का लाभ दीर्घकाल तक ग्रामीणों को मिलता रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने तथा किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button