कचहरी की सुरक्षा में बड़ी चूक, शेड नंबर 5 से मिले तमंचे और कारतूस

धर्मेंद्र कुमार सिंह
अयोध्या । जिला कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को कचहरी के शेड नंबर 5 में रखे एक लावारिस बैग से दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद होने से हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, सुबह 8 से 8:45 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह बैग वहां रखकर फरार हो गया। घटना के समय परिसर में मेटल डिटेक्टर और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की चूक होना चिंताजनक माना जा रहा है।

सूचना मिलते ही जिला जज, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने इसे बड़ी सुरक्षा चूक बताते हुए कहा कि इस घटना से वकीलों और मुवक्किलों के बीच दहशत का माहौल है। उन्होंने डीएम और जिला जज से इस मामले की लिखित शिकायत करने की बात कही।

डीएम और एसएसपी ने आश्वासन दिया कि कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।




