छत्तीसगढ़

पाली के प्राचार्य डॉ. गजेंद्र तिवारी को मिलेगा छत्तीसगढ़ समाज सेवा रत्न सम्मान

Advertisement

सम्मान समारोह 4 जून को बिलासपुर में होगा आयोजित

पाली। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. गजेंद्र तिवारी को छत्तीसगढ़ समाज सेवा रत्न सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उन्हें 4 जून को बिलासपुर स्थित ई. राघवेंद्रराव सभा भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक परिषद द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में कार्य करने वाली विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

डॉ. तिवारी वर्तमान में कोरबा जिले के पाली में प्राचार्य एवं करियर काउंसलर के रूप में कार्यरत हैं। वे विगत कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विशेषकर ग्रामीण व आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने बालिकाओं को निशुल्क शिक्षा दिलाने की दिशा में भी काम किया है।

डॉ. तिवारी को पूर्व में भी शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल द्वारा भी उन्हें आदिवासी अंचलों में शिक्षा के लोकव्यापीकरण हेतु सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित तबकों के उत्थान के लिए कार्य किया है।

पाली क्षेत्र में उनके चयन पर खुशी की लहर है। स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। डॉ. तिवारी ने इस सम्मान को समाज और विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button