अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक ट्रक व दो पिकअप से 149 क्विंटल धान जब्त

जशपुर। धान खरीदी सीजन के दौरान सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिशों पर जशपुर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में चौकी आरा पुलिस ने दो दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों से कुल 149 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 42 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास झारखंड से धान लेकर आ रहा एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में गुजरने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी आरा की पेट्रोलिंग टीम ने ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरियों में कुल 90 क्विंटल धान लोड पाया गया। पूछताछ में चालक गणेश यादव (33 वर्ष), निवासी ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी ने धान झारखंड से जशपुर लाना स्वीकार किया, लेकिन धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक सहित धान को जब्त कर लिया गया।
इसी तरह 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका। जांच में एक पिकअप से 66 बोरियों में 30 क्विंटल और दूसरे पिकअप से 60 बोरियों में 29 क्विंटल धान बरामद हुआ। दोनों वाहनों के चालक – शेखर यादव (26 वर्ष), निवासी मधुबनटोली जशपुर और सजीत कुमार (25 वर्ष), निवासी पुरनानगर जशपुर – भी धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों पिकअप वाहन और कुल 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इस प्रकार बीते दो दिनों में जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 416 बोरियों में 149 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा एवं आरक्षक बेलसाजर कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन पर पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है। अब तक जशपुर पुलिस 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ चुकी है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




