₹3 लाख के ईनामी जनमिलिशिया कमांडर शंकर कुरसम गिरफ्तार, कई बड़ी नक्सली घटनाओं में था शामिल

डीआरजी और केरिपु की संयुक्त कार्रवाई, जंगल से किया गया सक्रिय माओवादी को गिरफ्तार
बीजापुर के कई नक्सली हमलों में रहा शामिल, IED ब्लास्ट से लेकर जवानों पर फायरिंग तक में है नाम
बीजापुर। जिले के पेददापाल और हिरमागुण्डा के मध्य जंगलों से सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। डीआरजी बीजापुर एवं केरिपु 85 बटालियन की संयुक्त टीम ने माओवादी संगठन के सक्रिय जनमिलिशिया कमांडर शंकर कुरसम को गिरफ्तार किया है, जिस पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹3 लाख और पुलिस अधीक्षक बीजापुर द्वारा ₹10,000 का इनाम घोषित था।
लंबे समय से संगठन में था सक्रिय:
गिरफ्तार नक्सली शंकर कुरसम पिता पांडू कुरसम (36 वर्ष), निवासी इसुलनार थाना बीजापुर, बीते कई वर्षों से माओवादी गतिविधियों में लिप्त था। उसने जिले में कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया है।
इन घटनाओं में रहा शामिल:
- 29 जुलाई 2025: पेद्दाकोरमा-बोड़ला पुसनार जंगल में मुठभेड़ के दौरान सक्रिय रूप से मौजूद।
- 23 दिसंबर 2023: ग्राम मनकेली में छोटू कुरसम की हत्या में शामिल।
- 25 दिसंबर 2023: गोरना-मनकेली मार्ग पर IED ब्लास्ट, जिसमें डीआरजी जवान घायल।
- 24 मार्च 2024: अटल आवास परिसर में डीआरजी जवान पर फायरिंग की घटना।
- 9 अप्रैल 2025: सिंगार बहार नाला के पास IED ब्लास्ट, जिसमें केरिपु 196 बटालियन का एक जवान शहीद हुआ।
कानूनी प्रक्रिया पूरी:
गिरफ्तारी के बाद शंकर कुरसम के खिलाफ थाना कोतवाली बीजापुर में वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया है।
सुरक्षा बलों की प्रशंसनीय कार्रवाई:
यह गिरफ्तारी माओवादी विरोधी अभियान के तहत की गई एक सफल संयुक्त कार्रवाई का परिणाम है, जिससे बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों का मनोबल और आम नागरिकों का विश्वास मजबूत हुआ है।




