निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाने मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण सम्पन्न

By
Advertisement
Advertisement

मतदान सामग्री वितरण से लेकर मतगणना तक आयोग के प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य: कलेक्टर दीपक सोनी

बलौदाबाजार। नगरीय निकाय निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सफल संचालन के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने मास्टर ट्रेनरों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आयोग द्वारा जारी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मास्टर ट्रेनर मतदान सामग्री के वितरण, वापसी, मतदान और मतगणना कार्यवाही को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। उन्होंने पोस्टल बैलट प्रक्रिया में भी सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मतदान सामग्री वितरण के दिन मास्टर ट्रेनर, सामग्री वितरण के पश्चात अपने रिटर्निंग अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे और उनके निर्देशों के अनुसार कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी देंगे प्रशिक्षण

कलेक्टर ने जानकारी दी कि नगरीय निकायों के चुनाव सम्पन्न होने के पश्चात नगरीय क्षेत्र के मास्टर ट्रेनर ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। वर्तमान में नगरीय क्षेत्रों के लिए 46 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 73 मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है।

अब तक नगरीय निकाय क्षेत्र के मतदान दलों को दो बार प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मास्टर ट्रेनर न केवल मतदान दलों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं, बल्कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल शेट्टे, डिप्टी कलेक्टर रंजना आहूजा सहित अन्य अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *