थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण: छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता की मिली जानकारी

अंबिकापुर । डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर की छात्राओं को थाना कोतवाली अंबिकापुर का शैक्षणिक एवं जागरूकता भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं में विधिक जागरूकता, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करना रहा।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में छात्राओं को थाना परिसर का विस्तृत अवलोकन कराया गया। छात्राओं को थाना के विभिन्न कक्षों, शस्त्रागार, बंदीगृह (हवालात), सीसीटीएनएस कक्ष, रोजनामचा तथा पुलिस की कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को गुड टच–बैड टच, पोक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस (जे.जे.) एक्ट, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आपातकालीन सेवाएं, महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक रहने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल भाषा में किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सुनीता दास, राजेश प्रताप सिंह, साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, अतुल सहित अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम से छात्राओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई और सुरक्षा संबंधी जागरूकता को मजबूती मिली।






