तालाबुरु रेलखंड पर हाथियों का झुंड, दो घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप

Advertisement

चक्रधरपुर । चक्रधरपुर रेल मंडल के चाईबासा–डांगोवापोसी रेलखंड में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तालाबुरु स्टेशन के पास रेल पटरी पर आठ हाथियों का झुंड विचरण करता दिखाई दिया।

घटना किलोमीटर संख्या 337/6-8 और 414/4 के बीच की बताई जा रही है। हाथियों के अचानक पटरी पर आ जाने से वहां कार्यरत ट्रैक मेंटेनरों और की-मेनों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जाता है कि सुबह करीब 6 बजे कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों ने हाथियों को पटरी की ओर आते देखा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर लगभग दो घंटे तक ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। हालांकि इस दौरान किसी यात्री ट्रेन को प्रभावित नहीं होना पड़ा।

सुबह करीब 8 बजे हाथियों का झुंड जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बताया कि यह झुंड तालाबुरु जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा था, लेकिन अचानक रेल पटरी पर आ जाने से चिंता बढ़ गई।

रेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस खंड में ट्रेनों की गति कम करने और कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

ट्रैक मेंटेनर यूनियन की मांग

घटना के बाद ट्रैक मेंटेनरों और की-मेनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग बंद करने तथा ड्यूटी रोस्टर में बदलाव की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *