छत्तीसगढ़

तनेरा गांव में लोनर हाथी ने ग्रामीण पर किया हमला,घायल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती

Advertisement

कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान रेंज के ग्राम तनेरा (जलके) सर्किल में शुक्रवार तड़के लगभग 4 बजे गांव के पटेल पारा निवासी शिवराम पिता धन सिंह दिशा मैदान के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनका सामना अचानक एक लोनर (अकेले विचरण करने वाले) हाथी से हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिवराम ने हाथी को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से उन्हें पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक अधिकारी अयोध्या प्रसाद सोनी, वनरक्षक सुरेश कुमार यादव और गजराज दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल शिवराम को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल रवाना किया, जहां उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है। कभी हाथियों के झुंड और कभी लोनर हाथी देर रात और तड़के ग्रामीण इलाकों में घूमते देखे जा रहे हैं। हाथियों की चिंघाड़ और लगातार बढ़ती हलचल से लोगों में भय का माहौल है। खेतों और मवेशियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।

वन विभाग ने घटना के बाद ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुबह-शाम अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।  वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि ग्रामीण शिवराम घायल हुए है।उन्होंने यह भी बताया कि गजराज दल हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी लगातार साझा की जा रही है ताकि लोग समय रहते सतर्क रह सकें।घायल व्यक्ति को विभाग द्वारा शासन के नियमानुसार सहयोग किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के गांव में बार-बार प्रवेश करने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोग भयभीत हैं और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। वन विभाग ने भी कहा है कि हाथियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए पुरजोर प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button