रायगढ़ JSW प्लांट में हादसों का सिलसिला बरकरार, डिप्टी मैनेजर की दर्दनाक मौत

रायगढ़@खबर सार :- (JSW) प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक और दुखद घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे प्लांट के सेंटर प्लांट में डिप्टी मैनेजर रविन्द्र डनसेना एक भयावह हादसे का शिकार हो गए, जिसके परिणामस्वरूप उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तारापुर निवासी रविन्द्र, जो सुबह 6 बजे ड्यूटी पर आए थे, मात्र ढाई घंटे बाद इस त्रासदी का शिकार हो गए।
सूत्र : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि रविन्द्र को रक्तरंजित हालत में तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों का दावा है कि उनकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। इस घटना ने JSW प्लांट में बार-बार हो रही दुर्घटनाओं और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
प्लांट में लगातार हो रही मौतों ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। रविन्द्र के परिवार में शोक की लहर है, और सहकर्मियों में आक्रोश बढ़ रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन की जा रही है। प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिससे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।





