अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
तोरवा पुलिस ने चंद घंटों में की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकूनुमा हथियार बरामद
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद शहर से बाहर भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल छोटा धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
शराब के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक घटना 11 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। पंप हाउस तोरवा निवासी दुर्गेश यादव पुराना पंप हाउस के पास मौजूद था। इसी दौरान सूर्यवंशी मोहल्ला निवासी कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष (18 वर्ष 6 माह) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगने लगा।
दुर्गेश द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कृष्णा ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और फिर जेब से छोटा धारदार चाकू निकालकर दुर्गेश पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
घटना के बाद घायल दुर्गेश ने तोरवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 119(1) और 118(1) के तहत अपराध क्रमांक 499/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
फरार होने से पहले पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की जानकारी मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शहर से बाहर भागने की कोशिश में है। इसके बाद टीम ने संभावित ठिकानों पर घेराबंदी की और 12 सितंबर 2026 को आरोपी कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




