अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
नंबर प्लेट खुरचकर चला रहा था चोरी की स्कूटी, वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
बिलासपुर। सदर बाजार क्षेत्र में 90 वर्षीय बुजुर्ग के घर के सामने से एक्टिवा चोरी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी की स्कूटी की नंबर प्लेट खुरचकर उसे लेकर घूम रहा था। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को उस पर संदेह हुआ और इंजन व चेचिस नंबर की जांच के लिए ‘सशक्त’ ऐप का इस्तेमाल किया गया। जांच में स्कूटी चोरी की निकली। पुलिस ने वाहन बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
घर के सामने लॉक कर खड़ी की थी एक्टिवा
मामला सदर बाजार क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 90 वर्षीय विनोद कुमार मिश्रा, पिता स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद मिश्रा, ने 9 सितंबर 2026 की रात अपनी एक्टिवा CG 10 Y 6884 घर के सामने लॉक करके खड़ी की थी।
अगली सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने देखा कि एक्टिवा वहां मौजूद नहीं थी। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 513/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी के साथ शहर में वाहन चेकिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS), एएसपी शहर पंकज कुमार पटेल और सीएसपी गगन कुमार (IPS) के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने चोरी की गई एक्टिवा की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शनिचरी रपटा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध एक्टिवा सवार युवक को रोका। उसकी स्कूटी की नंबर प्लेट खुरची हुई थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।
‘सशक्त’ ऐप में जांच करते ही सामने आया चोरी का राज
संदेह होने पर पुलिस ने एक्टिवा के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर ‘सशक्त’ ऐप में वाहन का रिकॉर्ड जांचा। जांच में पता चला कि उक्त एक्टिवा वही है, जिसकी सदर बाजार से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद पुलिस ने एक्टिवा चला रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान रितिक यादव (24 वर्ष), निवासी रामायण चौक, चांटीडीह, सरकंडा के रूप में हुई।
पूछताछ में चोरी की बात स्वीकार करने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने 9 सितंबर की रात सदर बाजार से एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




