World Environment Day: पौधारोपण कर मनाया जन्मदिवस, गुलाम रहमान ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Advertisement

रायगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य, अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के सदस्य गुलाम रहमान ने अपने जन्मदिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के साथ मनाया जन्मदिवस

कार्यक्रम में गुलाम रहमान ने विद्यालय परिसर में पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

इस अवसर पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति की अध्यक्ष शोभा शर्मा, पूर्व पार्षद श्रवण सिदार, सदस्य मेहरून्निशा, वार्ड पार्षद ज्योति यादव, मो. नवाब खान, हाजी शेख कलीमुल्लाह, अनिल यादव, मो. असलम, भाटिया जी, साहिल मनियार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिक्षा विभाग और शालेय परिवार ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल, प्रभारी प्राचार्य भारत लाल नामदेव, वरिष्ठ व्याख्याता निराकार पटेल, प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी, प्रेमलता चंदेल, अंजलिका लाल, पूर्णिमा चौहान, रेशमा सोनी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने गुलाम रहमान के व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सकारात्मक सोच की सराहना की।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिवस की बधाई दी और विद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करते रहने का लिया संकल्प

शालेय परिवार की ओर से गुलाम रहमान का पुष्पगुच्छ, उपहार एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच शीतल पेय का वितरण भी किया गया।

Share This Article