शौच के लिए गई महिला पर भालू का जानलेवा हमला, पेट-छाती फाड़ी

Advertisement
Advertisement

108 की तत्परता से बची जान, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

108 एंबुलेंस में घायल महिला का इलाज करते ईएमटी गणेश्वर प्रसाद। भालू के हमले में महिला के पेट, सिर और छाती में गंभीर जख्म हैं।

मरवाही/जीपीएम, खुले में शौच जाना एक बार फिर महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम गुल्लीडांड में सोमवार सुबह शौच के लिए घर से निकली 55 वर्षीय महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। भालू ने महिला के पेट, छाती और सिर को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चिल्हन के आश्रित ग्राम गुल्लीडांड निवासी रामवती पति राय सिंह, उम्र 55 वर्ष, रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बैठे जंगली भालू से उसका आमना-सामना हो गया।

अचानक हुए हमले से महिला संभल नहीं पाई। भालू ने उस पर टूटकर पेट, छाती और सिर पर कई जगह हमला किया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो भालू जंगल की ओर भाग गया।

घटना की सूचना पर आपातकालीन सेवा 108 मौके पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात ईएमटी गणेश्वर प्रसाद और पायलट भूपत सिंह ने लहूलुहान हालत में पड़ी महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही लेकर पहुंचे।

सीएचसी मरवाही में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला के सिर और पेट में गहरे जख्म है

ग्रामीणों ने बताया कि गुल्लीडांड के कई घरों में अब भी शौचालय नहीं हैं। मजबूरी में लोग खेत या जंगल की ओर जाते हैं। जंगल से लगे होने के कारण यहां अक्सर जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।

Advertisement
Share This Article