ओडिशा राज्यसभा उपचुनाव: भाजपा ने देबाशीष सामंतराय को बनाया उम्मीदवार, जीत लगभग तय

Advertisement
Advertisement

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा में 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए पूर्व बीजू जनता दल (बीजद) नेता देबाशीष सामंतराय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनावों और ओडिशा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है।

बीजद छोड़ने के बाद भाजपा में हुए थे शामिल

देबाशीष सामंतराय ने 25 मई को बीजद से इस्तीफा दिया था और अगले ही दिन भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। उन्होंने कहा था कि वे प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और विकसित भारत के विजन से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।

नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली थी। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था, जिससे यह सीट रिक्त हुई।

भाजपा की जीत लगभग तय

147 सदस्यीय Odisha Legislative Assembly में भाजपा के 79 विधायक हैं, जिससे देबाशीष सामंतराय की जीत लगभग तय मानी जा रही है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार उपचुनाव में न तो बीजद और न ही कांग्रेस उम्मीदवार उतार सकती है।

सामंतराय के निर्वाचित होने के बाद ओडिशा से राज्यसभा में भाजपा सांसदों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी।

नामांकन आज करेंगे दाखिल

देबाशीष सामंतराय ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनके पिछले राज्यसभा कार्यकाल के अभी चार वर्ष शेष थे, इसलिए उन्हें पुनः राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

बीजद की कार्यप्रणाली पर उठाए थे सवाल

बीजद से इस्तीफा देते समय सामंतराय ने पार्टी की आंतरिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि संगठन को मजबूत करने के बजाय वरिष्ठ नेताओं को हाशिये पर धकेला जा रहा है।

गौरतलब है कि देबाशीष सामंतराय फरवरी 2024 में बीजद उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इससे पहले वे दो बार बाराबाटी-कटक विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं।

18 जून को होगा मतदान

राज्यसभा सीट रिक्त होने के बाद चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की थी। अधिसूचना 1 जून को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून, जांच 9 जून और नाम वापसी की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। मतदान 18 जून को होगा।

 

Advertisement
Share This Article