गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेखवा में खेत में एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खेत में मिला जला हुआ शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव पूरी तरह जला हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतका के हाथों में छाले और चेहरे पर जलने के स्पष्ट निशान थे, जिससे हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिनाख्त नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मृतका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद से सेखवा गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।




