गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के थाना गौरेला क्षेत्र के ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जीपीएम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं।
जमीन विवाद में हुई हत्या
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी दुर्गेश यादव ने थाना गौरेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता खूबचंद यादव के साथ परिवार के अन्य सदस्यों का जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों खेती करने के लिए लिखनटोला स्थित जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से खूबचंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में थाना गौरेला पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने, गवाहों के बयान दर्ज करने और पूछताछ के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
- रामलाल यादव (37)
- बिसाहू यादव (60)
- बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव (60)
- मुकेश यादव (20)
सभी निवासी लिखनटोला, ग्राम नेवसा, थाना गौरेला, जिला जीपीएम के हैं।
वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से घटना में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
जीपीएम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जमीन या पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और विवाद का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से करें।




