सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नमदगीरी में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेत में कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नमदगीरी निवासी विनय देवांगन (35 वर्ष) मंगलवार सुबह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के बीच उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में पसरा मातम
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।




