सरकंडा पुलिस ने अशोक नगर में अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दबोचा, हथियार जब्त
बिलासपुर। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अशोक नगर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो युवकों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चाकू और एक गुफ्ती बरामद की है।
राहगीरों को डराने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में, एएसपी शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
3 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर तालाब और डबरीपारा रोड के पास दो युवक धारदार हथियार लेकर मौजूद हैं और आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों स्थानों पर अलग-अलग टीमें भेजकर घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही दोनों युवकों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जवानों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अफजल खान (23 वर्ष), पिता अख्तर खान, निवासी सफेद बिल्डिंग 70/01, अशोक नगर अटल आवास और दीपक श्रीवास उर्फ मान्या (25 वर्ष), पिता हेमंत श्रीवास, निवासी मकान नंबर 2, ब्लॉक 70, पानी टंकी के पास, अशोक नगर अटल आवास के रूप में हुई।
चाकू और गुफ्ती बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया। पुलिस के मुताबिक हथियार रखने या सार्वजनिक स्थान पर लेकर घूमने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को विधिवत जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
सरकंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने, गुंडागर्दी करने या आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़




