सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 7.2 लीटर देशी शराब जब्त
बिलासपुर। शहर में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने चिंगराजपारा के प्रभात चौक में कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 40 पाव देशी शराब और बिक्री की रकम 630 रुपये बरामद की। जब्त शराब की मात्रा 7.2 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी शहर पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम 3 सितंबर को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रभात चौक के पास एक महिला थैले में देशी शराब रखकर ग्राहकों को बेच रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास
पुलिस के मौके पर पहुंचते ही महिला हाथ में रखा थैला छिपाकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगी। हालांकि पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम शीतला साहू (26), पति राजू साहू, निवासी चिंगराजपारा प्रभात चौक बताया।
शराब के साथ बिक्री की रकम भी मिली
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में महिला की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 180 एमएल क्षमता वाले 40 पाव देशी मदिरा (प्लेन) बरामद किए गए। शराब की कुल मात्रा 7.2 बल्क लीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 630 रुपये नकद भी बरामद हुए।
इस तरह पुलिस ने कुल 3,830 रुपये मूल्य की शराब और नकदी जब्त की।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक महिला शराब रखने और उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद शराब और नकदी को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़




