शान से लहराया तिरंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां; रासेयो ने निकाली तिरंगा यात्रा
रायगढ़। जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धनुहारडेरा एवं जीजी बोर्डिंग इंग्लिश मीडियम स्कूल धनुहारडेरा के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, मां भारती एवं महापुरुषों के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा तिरंगा स्टैंड की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत एकताल के पूर्व सरपंच श्री रमेश गुप्ता, संस्था के चेयरमैन श्री शिरीष सारडा, डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी की उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्री रमेश गुप्ता ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके पश्चात मलय रंजन के बांसुरी वादन के साथ सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया।
देशभक्ति से सराबोर हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जीजी बोर्डिंग इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से प्रेरित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’ की प्रस्तुति दी। मलय रंजन ने बांसुरी वादन के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कक्षा तीसरी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों ने ‘जय हो’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा सातवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों ने भी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति गीतों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नैंसी ने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य एवं ‘संदेसे आते हैं’ जैसे देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन कर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।
युवाओं से स्वतंत्रता को संजोकर रखने का आह्वान
इस अवसर पर जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें मिल चुकी है, अब इसे संभालना और संजोकर रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को निभाने में युवा वर्ग की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
चेयरमैन श्री शिरीष सारडा ने कहा कि एकता और अखंडता भारत की पहचान हैं। स्वतंत्रता सेनानियों, महापुरुषों एवं वीर जवानों के बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्रता दिवस मना पा रहे हैं। उन्होंने सभी से नवाचार के साथ आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर होने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत एकताल श्री रमेश गुप्ता ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने आभार व्यक्त करते हुए सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच संचालन बीएड द्वितीय वर्ष की छात्राओं आकृति एवं निकिता ने किया।
रासेयो ने निकाली तिरंगा यात्रा सह तिरंगा रैली
समारोह के बाद राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई, जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धनुहारडेरा के तत्वावधान में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मयंक शीतल डनसेना के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा सह तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई।
तिरंगा यात्रा में गणमान्य नागरिकों, महाविद्यालय एवं स्कूल के स्टॉफ, रासेयो स्वयंसेवकों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी और स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
बड़ी संख्या में स्टॉफ एवं विद्यार्थी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच श्री रमेश गुप्ता, चेयरमैन श्री शिरीष सारडा, डायरेक्टर श्रीमती तृप्ति अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी सहित जीजी बोर्डिंग इंग्लिश मीडियम स्कूल के समस्त स्टॉफ की उपस्थिति रही।
जीजी बोर्डिंग स्कूल से गण. शान्ति महंत, प्रतिभा पटेल, लक्ष्मी सिंह, अनिता पधान, सुप्रिया साहू, छोटी मेहर, अनिता मेहर, बिंदिया गुप्ता, रेशम खैरवार, रेवती चैनी, उमा डनसेना, करुणा डनसेना एवं ओमकार यादव सहित अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।
जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन से श्री विद्यानंद पटेल, श्री दिनेश पटेल, प्रो. विवेक कांबले, प्रो. केशव पटेल, प्रो. नेहा डनसेना, प्रो. भरत सिदार, प्रो. शरद पंडा, प्रो. मयंक शीतल डनसेना, प्रो. सीताराम कैवर्त्य, प्रो. अंजु पटेल, प्रो. हरीश गुप्ता, प्रो. ज्योति पटेल, प्रो. बसंत बंजी एवं प्रो. आकाश निराला सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



