रायपुर। छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ की मांग पर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), छत्तीसगढ़ ने व्यायाम शिक्षकों को VSK ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने में व्यवहारिक राहत प्रदान करने का आदेश जारी किया है। खेलकूद गतिविधियों और मैदानी ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए जारी इस निर्णय का संघ ने स्वागत किया है।
खेलकूद और मैदानी ड्यूटी के दौरान मिलेगी राहत
संघ के अनुसार, खेलकूद प्रतियोगिताओं, अभ्यास शिविरों अथवा विभागीय ड्यूटी के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने वाले व्यायाम शिक्षकों को नियंत्रणकर्ता अधिकारी से नियमानुसार अनुमति या सूचना प्राप्त कर ड्यूटी में शामिल होने की छूट रहेगी। इससे VSK ऐप पर उपस्थिति दर्ज करने को लेकर आने वाली व्यवहारिक समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
संघ ने शासन और DPI का जताया आभार
छत्तीसगढ़ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश सिंह एवं प्रदेश सचिव मृत्युंजय शर्मा ने संयुक्त रूप से निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि व्यायाम शिक्षकों की कार्यप्रकृति अन्य शिक्षकों से अलग है। उन्हें नियमित रूप से मैदानी गतिविधियों, खेल प्रतियोगिताओं और अन्य विभागों के साथ आयोजित होने वाले खेल आयोजनों में जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांग और समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय पर उचित समाधान निकालने के लिए वे राज्य सरकार, स्कूल शिक्षा विभाग और लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों के प्रति पूरे व्यायाम शिक्षक समुदाय की ओर से आभार व्यक्त करते हैं।
खेल और खिलाड़ियों के विकास में मिलेगा सहयोग
संघ ने विश्वास जताया कि इस सकारात्मक निर्णय से प्रदेश के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को अपनी मैदानी जिम्मेदारियों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षक अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर सकेंगे।


