Surguja Tourism : फेम ट्रिप के जरिए सरगुजा पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, टूर ऑपरेटर्स ने जानी होटल सुविधाएं

Advertisement
Advertisement

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल, अम्बिकापुर के आतिथ्य और पर्यटन संभावनाओं से रूबरू हुए देशभर के ट्रैवल एजेंट्स

अम्बिकापुर, सरगुजा। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा सरगुजा संभाग के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में फेम ट्रिप का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यक्रम से एक दिन पहले अम्बिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र की आवासीय सुविधाओं और आतिथ्य व्यवस्था का अनुभव लिया।

होटल पर्पल आर्किड में हुआ आत्मीय स्वागत

कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स का अम्बिकापुर स्थित होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर और स्वागत पेय के माध्यम से अभिनंदन किया गया।

इसके बाद अतिथियों को होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, भोजन सुविधाओं, बैंक्वेट हॉल और अन्य अतिथि सेवाओं का निरीक्षण कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपने आतिथ्य के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध मेहमाननवाजी परंपरा से अतिथियों को परिचित कराया।

होटल माखन विहार की सुविधाओं का लिया अनुभव

दोपहर के भोजन के बाद सभी अतिथियों को अम्बिकापुर के प्रतिष्ठित होटल माखन विहार ले जाया गया। यहां होटल प्रबंधन ने उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, आवासीय व्यवस्थाओं और पर्यटकों के लिए दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी।

टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने होटल की गुणवत्ता, स्वच्छता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।

सरगुजा की पर्यटन संभावनाओं पर हुई चर्चा

होटल भ्रमण के बाद होटल संचालकों द्वारा निशुल्क उच्च स्तरीय हाई-टी का आयोजन किया गया। इस दौरान सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

टूर ऑपरेटर्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत होगी सरगुजा की पहचान

कार्यक्रम के अंत में टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने अम्बिकापुर के होटलों में उपलब्ध सुविधाओं और आत्मीय आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरगुजा प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के परिचयात्मक भ्रमण से सरगुजा संभाग राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान बनाएगा तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल पर्यटन उद्योग, स्थानीय होटल व्यवसाय, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Advertisement
Share This Article