संस्था की पहल से गांव में बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता
कुठौंद(जालौन)
आज जनपद के विकास खंड कुठौंद के ग्राम हरसिंगपुर बरियापुर में अनुरागिनी संस्था द्वारा श्रीअन्न (मिलेट्स) जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण जनों को पोषण युक्त आहार, विशेषकर श्रीअन्न के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराना था।शिविर में कुल 273 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श के साथ दवाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वरुण कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद में श्रीअन्न को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज शरीर को संतुलित रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और दीर्घकालिक बीमारियों से बचाव में सहायक होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को प्राकृतिक एवं संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान अनुरागिनी संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतों के कारण अनेक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में श्रीअन्न जैसे पारंपरिक और पोषक अनाजों को पुनः अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि श्रीअन्न न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह किसानों के लिए भी आर्थिक रूप से सशक्तिकरण का माध्यम बन सकता है।
सेवा भारती के विभाग प्रमुख पूरन लाल प्रजापति ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य और पोषण दोनों का संतुलन जरूरी है। उन्होंने अनुरागिनी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। उपस्थित चिकित्सा टीम में चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष जादौन, डॉ. संदीप दोहरे, पंकज राजपूत, ए.एन. सिद्दीकी, ए.एन.एम. संगीता, फार्मासिस्ट पूनम, आयुष्मान मित्र ब्रह्म प्रकाश, शशि रानी, राकेश कुमार, रविन्द्र कुमार एवं डॉ. अशोक कुमार वर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान बबली देवी ने संस्था अध्यक्ष डॉ प्रवीण सिंह पूरन लाल प्रजापति उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत सहकारी संघ के अध्यक्ष श्याम करन प्रजापति सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, दवाइयों का वितरण तथा श्रीअन्न के उपयोग और लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।


