स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, चितौरा और सिहारी चौराहे पर 6 घंटे जाम से थमी रफ्तार
माधौगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। लक्ष्मनपुरा, पटेल नगर, मालवीय नगर और उत्तरीय मालवीय नगर के करीब एक सैकड़ा उपभोक्ताओं ने बुधवार दोपहर माधौगढ़-रामपुरा रोड के चितौरा और सिहारी चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर हाथों में लेकर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे यातायात करीब 6 घंटे तक प्रभावित रहा।

“बिल जमा के बाद भी कट जाती है बिजली” – उपभोक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिल जमा करने के बावजूद बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर के कारण अत्यधिक बिल आ रहे हैं। उपभोक्ता सीमा, चन्द्रभान और राहुल कुमार ने बताया कि एक किलोवाट कनेक्शन पर भी तीन हजार रुपये तक का बिल थमाया जा रहा है, जिससे लोग परेशान हैं।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई, मीटर उखाड़कर सड़क पर बैठे लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली चालू कराने को लेकर कई बार सब स्टेशन में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि संबंधित अधिकारी, विशेषकर एसडीओ उमाशंकर सक्सेना, मौके पर उपलब्ध नहीं रहते। इससे नाराज होकर उपभोक्ताओं ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर चितौरा चौराहे पर रख दिए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जाम की सूचना पर प्रशासन पहुंचा, लेकिन हालात रहे तनावपूर्ण
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अंबुज सिंह, एक्सियन भारतीय, नायब तहसीलदार भुवनेन्द्र कुमार और चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी।
SDM से झड़प और महिलाओं का आक्रोश, पुलिस सुरक्षा में ले जाना पड़ा अंदर
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब एसडीएम प्रदर्शनकारियों को समझा रहे थे और एक युवक वीडियो बनाने लगा। इस पर नाराज होकर एसडीएम ने मोबाइल छीन लिया, जिससे मौके पर मौजूद महिलाओं में आक्रोश फैल गया और वे विरोध में आगे बढ़ गईं। हालात को देखते हुए पुलिस ने एसडीएम को सुरक्षा में लेकर पास के एक कमरे में बैठाया, जहां वे करीब तीन घंटे तक रहे। बाद में पुलिस सुरक्षा में उन्हें बाहर निकाला गया।
6 घंटे बाद खुला जाम, प्रशासन के रवैये पर उठे सवाल
करीब 6 घंटे बाद जाम खुल सका, जिसके बाद एडीएम संजय कुमार मौके पर पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन के शुरुआती रवैये को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि प्रदर्शन के दौरान स्थिति लंबे समय तक नियंत्रण से बाहर बनी रही।
स्मार्ट मीटर हटाने की मांग, चेतावनी – नहीं माने तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने बिजली निगम के अधिकारियों से स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


