सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने रंगोली के जरिए आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और समावेशी विकास का दिया संदेश
कोरबा, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय ई.व्ही.पी.जी. महाविद्यालय, कोरबा में मंगलवार को महाविद्यालय स्तरीय ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयुक्त उच्च शिक्षा एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित भारत की संकल्पना को रंगोली के माध्यम से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।
यह कार्यक्रम माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का अवलोकन माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
रंगोली के जरिए दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों को रंगों एवं कलात्मक आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। तैयार रंगोलियों में ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘स्थानीय से वैश्विक’ और ‘समावेशी विकास’ जैसे विषय प्रमुख रहे।
रंगोली के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता की भावना, औद्योगिक और कृषि विकास, महिला एवं श्रमिक सशक्तीकरण तथा भारत की वैश्विक प्रगति जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से सामने रखा गया।
विद्यार्थियों को रचनात्मकता का उपयोग करने किया प्रेरित
माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को सामने लाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने भी विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता, सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना रहा।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रंगोली निर्माण में प्रवीण कुमार, दीपक प्रसाद, शिव कुमार, उमेंद्र कुमार यादव, दिव्या श्रीवास, फिरतीन पटेल, कनक यादव, प्रतिभा सिंह, आयुषी अडिले, अंकिता शर्मा, डिंपल नामदेव, छायंक कंवर, रिया सारथी, लक्ष्मी, अशिवाना कंवर, ईशिता और धनमति सहित विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश श्रीवास, संयोजक श्रीमती मधु कंवर तथा समिति सदस्य श्रीमती श्रद्धा सिंह, डॉ. दुर्गा चंद्राकर, श्रीमती लोकेश्वरी और श्रीमती चंचल साहू ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
निरीक्षण कर प्रतिभागियों की सराहना
तैयार रंगोलियों का निरीक्षण डॉ. एस.के. गोविल, डॉ. एस.के. शुक्ला, डॉ. एस.के. गुप्ता, बलराम कुर्रे और कन्हैया सिंह कंवर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
7 अक्टूबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम में होगी प्रस्तुति
महाविद्यालय में तैयार की गई रंगोली का चयन 7 अक्टूबर कोरबा शहर के घंटाघर के पास आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के लिए किया गया है। इस चयन से महाविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय परिवार ने रंगोली निर्माण में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और आगामी जिला स्तरीय आयोजन के लिए सफलता की कामना की।
