‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के जिला नोडल अधिकारी ने किया अवलोकन, छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए किया प्रेरित
कोरबा। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 29 सितंबर 2026 को अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में ‘सेवा के रंग’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से सेवा भावना को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक रंगोलियां सजाईं।
छात्राओं की रचनात्मकता का किया अवलोकन
महाविद्यालय परिसर में आयोजित रंगोली कार्यक्रम का ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने अवलोकन किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता की सराहना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को बेहतर मंच देने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने छात्राओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
7 अक्टूबर को होने वाले विशाल रंगोली कार्यक्रम में सहभागिता की अपील
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज झा ने छात्राओं को ‘सेवा संकल्प अभियान’ में महाविद्यालय की सक्रिय सहभागिता जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगामी 7 अक्टूबर को घंटाघर चौक में आयोजित होने वाले ‘सेवा के रंग’ विशाल रंगोली निर्माण कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्राओं से शामिल होकर सक्रिय योगदान देने की अपील की।
महाविद्यालय के शिक्षकों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता की प्रभारी सुश्री अंजना चौधरी सहित निर्णायक मंडल की डॉ. उषी बाला गुप्ता, श्रीमती किरण बाजपेई और श्रीमती डाली नवीन शंकर ने सहभागिता की।
इसके अलावा बीएससी संकाय प्रभारी श्रीमती नीना शर्मा, बीसीए एवं बीकॉम से सुश्री रुचिका कल्ला, बीसीए एवं पीजीडीसीए से श्रीमती चंद्रकला केसकर तथा बीएड से श्रीमती चंद्रावती सिंगर की भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए सामने रखा।
