विद्यार्थियों ने रंगोली के जरिए आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और समावेशी विकास का दिया संदेश
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय ई.व्ही.पी.जी. महाविद्यालय कोरबा में 29 सितंबर 2026 को महाविद्यालय स्तरीय ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुक्त उच्च शिक्षा एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत भी किया गया। जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने रंगोली प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
रंगोली में दिखी विकसित भारत की तस्वीर
विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘स्थानीय से वैश्विक’ और ‘समावेशी विकास’ जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया।
रंगोली के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वदेशी भावना, आत्मनिर्भरता, औद्योगिक एवं कृषि विकास, महिला और श्रमिक सशक्तीकरण तथा भारत की वैश्विक प्रगति का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सामाजिक समावेशन, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने भी विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इन विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रंगोली निर्माण में प्रवीण कुमार, दीपक प्रसाद, शिव कुमार, उमेंद्र कुमार यादव, दिव्या श्रीवास, फिरतीन पटेल, कनक यादव, प्रतिभा सिंह, आयुषी अडिले, अंकिता शर्मा, डिंपल नामदेव, छायंक कंवर, रिया सारथी, लक्ष्मी, अशिवाना कंवर, ईशिता और धनमति ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश श्रीवास, संयोजक श्रीमती मधु कंवर तथा समिति सदस्य श्रीमती श्रद्धा सिंह, डॉ. दुर्गा चंद्राकर, श्रीमती लोकेश्वरी और श्रीमती चंचल साहू की भी सक्रिय भागीदारी रही।
निरीक्षण कर प्रतिभागियों की सराहना
तैयार की गई रंगोलियों का निरीक्षण डॉ. एस.के. गोविल, डॉ. एस.के. शुक्ला, डॉ. एस.के. गुप्ता, बलराम कुर्रे और कन्हैया सिंह कंवर ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
7 अक्टूबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम में होगी प्रस्तुति
महाविद्यालय में तैयार की गई रंगोली का चयन 7 अक्टूबर को कोरबा शहर के घंटाघर के पास आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के लिए किया गया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
