रायगढ़, 20 अगस्त। सड़क सुरक्षा और गौवंशों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ यातायात पुलिस एवं छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर की सड़कों पर बैठे गौवंशों के गले में सेफ्टी रेडियम बेल्ट बांधी गई।
रात में वाहन चालकों को दूर से नजर आएंगे गौवंश
अभियान के तहत करीब 75 गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाई गई। इसका उद्देश्य रात के समय सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालकों को दूर से दिखाई दें और अचानक टक्कर की घटनाओं को कम किया जा सके। आयोजकों ने बताया कि यह पहल सड़क सुरक्षा के साथ-साथ गौवंश संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निभाई सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रोमेश सिन्हा एवं संजना शुक्ला ने की। इस अवसर पर संस्थापिका एवं प्रदेशाध्यक्ष आरती सिंह, प्रदेश महासचिव सरोज गुप्ता और प्रदेश महिला कोषाध्यक्ष ऋचा बजाज प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
जिला पदाधिकारियों में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक बट्टीमार, जिला कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, जिला उपाध्यक्ष पिंकी पांडा एवं गीता भारद्वाज, जिला सचिव उत्तरा पटेल तथा जिला मीडिया प्रभारी जानकी चक्रधारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील
अभियान में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क सुरक्षा एवं गौवंश संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने वाहन चालकों से रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़कों पर मौजूद गौवंशों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


