अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
विद्यार्थियों और नागरिकों से किया संवाद
बिलासपुर। नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने शनिवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर विद्यार्थियों और नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद गुजराती समाज भवन, टिकरापारा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होकर उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
सेजेस महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने विधायक श्री अमर अग्रवाल से संवाद किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिलने वाली प्रेरणा जीवन में सफलता का आधार है। मार्गदर्शन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति के साथ विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों ने विभिन्न योजनाएं और प्रावधान किए हैं। बेटी बचाओ अभियान के बाद समाज की सोच में बदलाव आया है और आज बालिकाएं हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
छात्र कैबिनेट को दिलाई शपथ, नशामुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान श्री अग्रवाल ने एमएलबी महारानी लक्ष्मीबाई सेजेस कन्या शाला की छात्र कैबिनेट को शपथ दिलाई। उन्होंने छात्राओं को विद्यालय के संचालन और रखरखाव में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित दो छात्राओं का सम्मान
इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित बिल्हा विकासखंड की छात्राएं कुमारी रेणुका धनुआर और कुमारी तृषा कमलेश का श्री अमर अग्रवाल ने सम्मान किया। विकासखंड शिक्षा विभाग की ओर से दोनों छात्राओं को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो प्रदान किया गया।
सत्र 2024-25 में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित 20 विद्यार्थियों में बिल्हा विकासखंड की ये दोनों छात्राएं शामिल हैं।
रेणुका ने बनाया स्पिट डिटेक्शन मॉडल
देवरी खुर्द की कुमारी रेणुका धनुआर ने ‘वॉल माउंट स्पिट डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम’ मॉडल तैयार किया है। यह मॉडल सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की स्थिति का पता लगाकर अलार्म के जरिए सचेत करने की अवधारणा पर आधारित है और स्वच्छता के क्षेत्र में उपयोगी हो सकता है।
तृषा का स्मार्ट बैग बारिश से बचाएगा सामान
बिजौर की कुमारी तृषा कमलेश ने ‘वेदर गार्ड स्मार्ट बैग’ तैयार किया है। सेंसर आधारित इस बैग में बारिश या नमी का संकेत मिलने पर इससे जुड़ा छाता स्वतः खुलने की व्यवस्था है, जिससे किताबों और अन्य सामान को बारिश से बचाया जा सके।
दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में इन मॉडलों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए और बेहतर बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन
इंस्पायर अवार्ड मानक भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और शोध के प्रति रुचि विकसित करना है। सत्र 2026-27 के लिए पंजीयन शुरू है और इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यालयों से पांच विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाना है।
कार्यक्रम में विद्यालय की होम एग्जाम में पिछले वर्ष सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
छात्राओं को वितरित की गई साइकिल
महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला की छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए श्री अग्रवाल ने सरस्वती साइकिल वितरण योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योजना से बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिली है, जिससे उनकी उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 9वीं में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए वर्ष 2004 से यह योजना संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाना और उनकी शिक्षा जारी रखने में सहयोग करना है।
शिक्षा आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन का आधार
श्री अग्रवाल ने कहा कि बेटा और बेटी दोनों पढ़ेंगे, तभी परिवार शिक्षित और सशक्त बनेगा। शिक्षित बालिकाएं आगे चलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन का आधार भी है।
उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें लैंगिक असमानता को दूर करने तथा बालक-बालिका दोनों को शिक्षा और विकास के समान अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया है। समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही समावेशी एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम, एल्डरमैन योगेश बोले, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला विकास समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




