राज्य पुरस्कार परीक्षा की तैयारी को लेकर बिलासपुर में गाइड्स-रेंजर्स का पूर्वाभ्यास शिविर

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

राज्य पुरस्कार परीक्षा के लिए हुआ विशेष प्रशिक्षण

बिलासपुर, 22 अगस्त 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बिलासपुर के तत्वावधान में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल राजेंद्र नगर में राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा पूर्वाभ्यास शिविर 2026 का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त श्री अजय कौशिक तथा जिला मुख्य आयुक्त श्री राजेन्द्र साहू के निर्देशानुसार आयोजित द्वितीय चरण के इस शिविर में जिले की विभिन्न शालाओं से पहुंचे गाइड्स और रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

दक्षताओं के साथ लॉगबुक की भी जांच

शिविर का मुख्य उद्देश्य आगामी राज्य पुरस्कार परीक्षा के लिए गाइड्स और रेंजर्स को दक्षतापूर्वक तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान राज्य पुरस्कार के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप विभिन्न दक्षताओं का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों की लॉगबुक की गहन जांच कर उन्हें व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी दिया।

सेवा भाव और अनुशासन पर जोर

जिला सचिव सुश्री लता यादव ने स्काउट-गाइड आंदोलन के मूल्यों और सेवा भावना पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.एल. पटेल का विशेष सहयोग रहा।

ध्वज शिष्टाचार से प्राथमिक चिकित्सा तक व्यावहारिक प्रशिक्षण

बैज परीक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों को ध्वज शिष्टाचार, परेड, नॉट-टाइंग, गणवेश, सैल्यूट, ड्रिल, प्राथमिक चिकित्सा, स्काउट-गाइड नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडागीत, संस्कृति एवं विरासत, संकेत प्रणाली सहित राज्य पुरस्कार से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

शिविर को सफल बनाने में बैज परीक्षक श्रीमती पुष्पा शर्मा, सस्मिता शर्मा, रत्ना दास, डॉ. भारती दुबे, रत्ना कश्यप, रागिनी चौधरी, अपर्णा सारखेल, स्वाति हार्डीकर, शीला शर्मा, संध्या तिवारी, रेवती साहू, सुनीता भास्कर, ममता यादव, निधि कश्यप एवं कौशल्या साहू की सक्रिय भूमिका रही।

राज्यपाल पुरस्कार और बोनस अंकों की दी जानकारी

शिविर संचालिका एवं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) डॉ. पूनम सिंह ने बताया कि तृतीय सोपान परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयन किया जाता है। राज्य पुरस्कार परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाता है तथा संबंधित शिक्षा सत्र की बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक दिए जाते हैं।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आगामी परीक्षा में आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ शामिल होने की अपील की। साथ ही निरंतर अभ्यास, स्वास्थ्य, अनुशासन और सेवा भावना को प्राथमिकता देने की बात कही।

30 अगस्त से कोरबा में होगी राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा

डॉ. पूनम सिंह ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार बिलासपुर संभाग की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा 30 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक कोरबा जिले के जेलगांव स्थित आदिवासी विकास विभाग हॉस्टल भवन, एजुकेशन हब, सीपेट परिसर में आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित गाइड्स और रेंजर्स शामिल होंगे।

Advertisement
Share This Article