पेंड्रा विकासखंड के वनांचल ग्राम जमडी़ खुर्द में समाजसेवी सत्य प्रकाश फरमानिया ने स्कूली बच्चों को बांटे कॉपी, पेन और बस्ते, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

Advertisement
Advertisement

गौरेला पेंड्रा मरवाही। शिक्षा के प्रचार-प्रसार और जरूरतमंद बच्चों को सहयोग करने की दिशा में समाजसेवी सत्य प्रकाश फरमानिया ने सोमवार 7 जुलाई 2026 को पेंड्रा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम जमडी़ खुर्द की माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला जमडी़ खुर्द लाटा में पहुंचकर स्कूली छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को कॉपी, पेन और स्कूल बैग प्रदान किए।

कार्यक्रम की शुरुआत शाला प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात समाजसेवी सत्य प्रकाश फरमानिया ने एक-एक कर सभी बच्चों को कॉपी, पेन और बस्ते भेंट किए। सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और यही सफलता की कुंजी भी है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन विद्यालय समय पर आएं, अनुशासन में रहें और मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद यदि लगन और मेहनत से पढ़ाई की जाए तो जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

समाजसेवी सत्य प्रकाश फरमानिया के इस पहल की शाला परिवार और ग्रामवासियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। शाला परिवार की ओर से बताया गया कि वनांचल क्षेत्र में निवासरत कई बच्चों के परिजनों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाती। ऐसे में सत्य प्रकाश फरमानिया द्वारा किया गया यह सहयोग बच्चों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

इस अवसर पर शाला के शिक्षक संजय कुमार नामदेव, रेवासिंह ओट्टी, गनपत सिंह वाकरे, पीताम्बर सिंह पैकरा, कुशल सिंह पैकरा सहित शाला के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार की ओर से समाजसेवी सत्य प्रकाश फरमानिया को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित शिक्षकों और ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होता है।

Advertisement
Share This Article