श्याम लॉज में दबिश देकर साहिल तिर्की को पकड़ा गया, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
अंबिकापुर में नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने वाला आरोपी गिरफ्तार (Drug Injection Smuggling Ambikapur)
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 नग नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी साहिल तिर्की को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर की सूचना पर श्याम लॉज में दी गई दबिश
जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को संभागीय उड़नदस्ता कार्यालय केदारपुर में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को सूचना मिली कि श्याम लॉज, गंगापुर में रुका हुआ युवक साहिल तिर्की अंबिकापुर क्षेत्र में घूम-घूमकर नशीले इंजेक्शन बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी उड़नदस्ता टीम ने तत्काल श्याम लॉज पहुंचकर दबिश दी। आरोपी कमरा नंबर 105 में रुका हुआ था और कहीं जाने की तैयारी कर रहा था।
तलाशी में मिले रेक्सोजेसिक और एविल इंजेक्शन (Drug Injection Smuggling Ambikapur)
गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 10 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 10 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए। आबकारी टीम ने सभी इंजेक्शन को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
आरोपी साहिल तिर्की, निवासी बटवाही चौकी रघुनाथपुर, थाना लुण्ड्रा, जिला सरगुजा का रहने वाला है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी भेजा गया जेल
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले की तलाश जारी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में जिस व्यक्ति से नशीले इंजेक्शन खरीदकर लाने की जानकारी मिली है, उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


